कटनी – जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के मार्गदर्शन में पंचायतों में OSR (Own Source Revenue) बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों, नवाचारों एवं व्यावहारिक कठिनाइयों का जायजा लेने के लिए भारत के प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान NIIRD, हैदराबाद से आए राष्ट्र स्तरीय कंसल्टेंट श्री अमित आठिया द्वारा जनपद पंचायत कटनी की ग्राम पंचायत घंघरी कला एवं ग्राम पंचायत चाका का स्थल भ्रमण किया गया।
भ्रमण के दौरान कंसल्टेंट श्री अमित आठिया ने दोनों ग्राम पंचायतों में OSR से संबंधित गतिविधियों की भौतिक स्थिति का अवलोकन किया तथा पंचायत स्तर पर राजस्व के स्वयं के स्रोतों को सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पंचायतों द्वारा अपनाए जा रहे नवाचारों, कार्यप्रणाली एवं स्थानीय स्तर पर राजस्व वृद्धि के लिए किए जा रहे प्रयोगों को समझा तथा अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से चर्चा कर आ रही कठिनाइयों की भी जानकारी ली।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा धरातल पर OSR को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयोगों एवं प्रयासों से राज्य स्तरीय कंसल्टेंट को अवगत कराया गया। ग्राम पंचायतों द्वारा सीमित संसाधनों के बीच किए जा रहे नवाचारों और बेहतर प्रबंधन को देखकर श्री अमित आठिया ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा इन प्रयासों को सराहनीय बताया।
राष्ट्रीय स्तर के संस्थान तक पहुंचा कटनी के प्रयासों का उल्लेख
OSR के क्षेत्र में कटनी जिले की ग्राम पंचायतों द्वारा किए जा रहे प्रयासों और नवाचारों की जानकारी NIIRD हैदराबाद जैसे राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित प्रशिक्षण संस्थान तक पहुंचना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे जिले में पंचायतों को अपने स्वयं के राजस्व स्रोत विकसित करने, स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा पंचायतों को आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को नई पहचान मिली है।
जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के मार्गदर्शन में जिले की पंचायतों में OSR बढ़ाने के साथ-साथ नवाचारों को प्रोत्साहित करने और पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। घंघरी कला एवं चाका ग्राम पंचायत का यह भ्रमण इन्हीं प्रयासों की धरातलीय समीक्षा एवं अनुभवों के आदान-प्रदान की महत्वपूर्ण कड़ी रहा। इस दौरान आरजीसीए के जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री पंकज नामदेव, ग्राम पंचायत के सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे।

