कटनी – कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे 234 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का तथ्यात्मक परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने आवास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, संबल योजना, प्रसूति सहायता राशि, ऋण, शासकीय उचित मूल्य दुकान तथा भूमि संबंधी समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रमोद चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।जनसुनवाई के दौरान बहोरीबंद तहसील के ग्राम बचैया निवासी 65 वर्षीय गोविंद रैकवार ने अपने रहवासी मकान एवं भूमि पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की। वहीं विजयराघवगढ़ तहसील के ग्राम कलहरा निवासी संतोष सिंह गोंड़ ने पत्नी चन्द्रकली गोंड़ की मृत्यु के उपरांत संबल योजना के तहत मिलने वाली अनुग्रह सहायता राशि दिलाने का आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम टोला निवासी निर्मला मिश्रा ने आवास योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया।इसी प्रकार भट्टा मोहल्ला, कटनी निवासी रेनू चौधरी ने अपने बच्चे के जन्म के बाद प्रसूति सहायता राशि प्राप्त नहीं होने की शिकायत करते हुए नियमानुसार सहायता राशि दिलाने का आवेदन दिया। विजयराघवगढ़ रोड, कटनी निवासी राजकुमारी सोनी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ दिलाने हेतु आवेदन दिया।इसके अलावा जनसुनवाई में कटनी निवासी आवेदक किशनलाल चौधरी ने जीवनयापन के लिए छोटी दुकान संचालित करने हेतु मुद्रा योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराने का आवेदन दिया।कलेक्टर श्री तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन का परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


