Home इंदौर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित कर प्राथमिकता से जारी...

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित कर प्राथमिकता से जारी करें पूर्णता प्रमाण पत्र – सुश्री कौर संबल योजना के प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित एवं परिणाममूलक कार्रवाई के निर्देश

20
0
कटनी  – जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में लक्ष्यों की पूर्ति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वीकृत निर्माण एवं विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र (सीसी) जारी किए जाएं। मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के प्रकरणों को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए उन्होंने पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के लिए त्वरित, संवेदनशील एवं परिणाममूलक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुश्री कौर ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं तकनीकी अधिकारियों को नियमित रूप से ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति की निगरानी करने तथा लंबित कार्यों के निराकरण के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अपूर्ण निर्माण कार्यों की जनपदवार समीक्षा करते हुए नल-जल योजनाओं के हस्तांतरण, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना अंतर्गत मध्यान्ह भोजन व्यवस्था तथा अन्य विभागीय गतिविधियों की प्रगति की जानकारी ली गई। शालाओं के निरीक्षण में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर जनपद पंचायत कटनी के विकासखंड स्त्रोत समन्वयक के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए निरीक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बीबीजी राम जी योजना के अंतर्गत श्रमिक नियोजन में वृद्धि के लिए नवीन कार्य प्रारंभ करने एवं कार्यों की स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण, ग्राम पंचायतों के स्वयं के राजस्व स्रोतों में वृद्धि, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुराग मोदी, उपायुक्त विकास श्री के.के. पांडेय, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here