कटनी – मध्य प्रदेश शासन के खनिज संसाधन विभाग द्वारा खनिज ब्लॉकों की 21वें चरण की ई-नीलामी शुरू कर दी गई है। इस चरण में प्रदेश के 12 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों को नीलामी के लिए रखा गया है। इनमें कटनी जिले का सलैया फाटक बेस मेटल ब्लॉक भी शामिल है, जो तांबा, चांदी और सोने जैसे खनिजों की संभावनाओं के कारण निवेशकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस ब्लॉक के विकास से जिले में खनन गतिविधियों और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
150 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फैला ब्लॉक
कटनी जिले के 150 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में स्थित सलैया फाटक बेस मेटल ब्लॉक को कंपोजिट लाइसेंस के लिए नीलामी में शामिल किया गया है। यह ब्लॉक जिले में खनिज आधारित उद्योगों के विकास की संभावनाओं को मजबूत कर सकता है। इसके विकास से कटनी की खनिज क्षेत्र में पहचान बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश के अन्य जिलों के ब्लॉक भी नीलामी में शामिल
21वें चरण में कटनी के अलावा दमोह, नीमच, बालाघाट, पांढुर्णा, बैतूल, सतना और रीवा जिलों के खनिज ब्लॉक भी नीलामी के लिए रखे गए हैं। इनमें चूना पत्थर, तांबा, मैंगनीज, डोलोमाइट और जस्ता सहित अन्य बेस मेटल के ब्लॉक शामिल हैं। कुछ ब्लॉक खनन पट्टे (माइनिंग लीज) और कुछ कंपोजिट लाइसेंस के लिए प्रस्तावित हैं।
25 नवंबर तक जमा कर सकेंगे बोली
ई-नीलामी के लिए निविदा दस्तावेज 2 नवंबर 2026 से उपलब्ध होंगे। इन्हें खरीदने की अंतिम तिथि 20 नवंबर को शाम 5 बजे तक निर्धारित है, जबकि बोली जमा करने की अंतिम तिथि 25 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक रहेगी।इच्छुक निवेशक और बोलीदाता एमएसटीसी लिमिटेड के ई-नीलामी पोर्टल https://www.mstcecommerce.com/auctionhome/mlcln/index.jsp पर पंजीकरण कर प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। तकनीकी बोलियां डिजिटल और भौतिक, दोनों प्रारूपों में जमा करनी होंगी, जबकि वित्तीय बोलियां केवल डिजिटल माध्यम से स्वीकार की जाएंगी। नीलामी से संबंधित निविदा दस्तावेज और ब्लॉक की विस्तृत जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है।

