कटनी – नगर क्षेत्र में वायु प्रदूषण को नियंत्रित कर नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा वर्तमान में किए जा रहे प्रयासों में और भी सुधार की गुंजाइश है। इसके लिए निर्धारित रूट चार्ट के अनुरूप ही प्रत्येक मार्ग की सुनियोजित एवं सतत सफाई के प्रयासों को और भी व्यापक स्तर से किए जाने की आवश्यकता है।तभी नगर को पूर्ण रूप से स्वच्छ एवं व्यवस्थित करने में सफलता हासिल की जा सकेगी। उक्त बात निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शुक्रवार शाम स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान कही।
करें सम्मिलित प्रयास
निगमायुक्त ने प्रमुख सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित यांत्रिक एवं मैनुअल सफाई करने, स्वीपिंग मशीन के माध्यम से धूल नियंत्रण की कार्यवाही अनवरत जारी रखने के निर्देश दिए। निगमायुक्त सुश्री परिहार ने मुख्य मार्गों के किनारे, डिवाइडर तथा पेवर ब्लॉक के ऊपर जमा धूल मिट्टी की सफाई कराकर एकत्रित धूल मिट्टी को ट्रैक्टर ट्राली से ढक कर उचित स्थान में डंप कराने की कार्यवाही हेतु स्वास्थ्य विभाग एवं उद्यान विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया।
करें स्पॉट फाइन की कार्यवाही
निगमायुक्त ने घुमंतू मवेशियों के विचरण पर नियंत्रण हेतु रोजाना कारगर कार्यवाही करने के साथ ही सफाई नियमों का पालन नहीं करने, अमानक पॉलीथिन का उपयोग करने, निर्माण एवं विध्वंस कार्यों से उत्पन्न धूल पर नियंत्रण तथा सार्वजनिक मार्गों पर निर्माण सामग्री रखने वालों के विरुद्ध स्पॉट फाइन की कार्रवाई करने के निर्देश भी बैठक में अधिकारियों को दिए।
हरित क्षेत्र विकास की दिशा करें प्रयास
इसके अतिरिक्त मुख्य मार्गों की सुंदरता और हरित क्षेत्र विकास की दिशा में डिवाइडर के अंदर सुंदर छोटे फूलदार पौधों का रोपण कर स्प्रिंकलर के माध्यम से डिवाइडर के पौधों की सिंचाई करने के निर्देश बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए।निगमायुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि नगर निगम का उद्देश्य समन्वित प्रयासों के माध्यम से नगर की वायु गुणवत्ता में निरंतर सुधार कर इसे स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक बनाना है। सभी कर्मचारी निर्धारित समय पर अपने कर्तव्य पर उपस्थित रहना सुनिश्चित करें, तथा अधिकारी अपने स्तर से सफाई व्यवस्था एवं वायु गुणवत्ता सुधार से संबंधित सभी कार्यों की नियमित समीक्षा करें। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। बैठक के दौरान सहायक यंत्री आदेश जैन, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, उद्यान पर्यवेक्षक अभिषेक अरजरिया सहित सभी वार्डों के स्वच्छता निरीक्षक एवं वार्ड दरोगा मौजूद रहे।









