कटनी – सभी पर्वों और त्यौहारों को अमन, शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की जिले की गौरवशाली परंपरा के मुताबिक इस साल भी पर्वों व त्यौहारों को हर्षोल्लास से मनाया जायेगा। सर्वसम्मति से यह निर्णय मंगलवार को कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित जिला शांति समिति की बैठक में हुआ।बैठक में नवरात्रि, जवारा विसर्जन, दशहरा, दीपावली, गोवर्धन पूजा, गुरूनानक जयंती के आयोजन के मद्देनजर पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर एवं एसडीएम विजयराघवगढ़ श्री प्रमोद चतुर्वेदी, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री अमित शुक्ला, अमर ताम्रकार, नवनीत गुप्ता सहित पुलिस, प्रशासन, बिजली व नगरनिगम के अधिकारी मौजूद रहे।इस वर्ष 19 अक्टूबर को जवारा विसर्जन और 20 अक्टूबर को महाआरती के बाद शाम से दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इन सबके व्यवस्थित आयोजन को देखते हुये कलेक्टर श्री तिवारी ने नगर निगम को शहर की सड़कों की मरम्मत कर सुधार करने व प्रतिमा विसर्जन मार्गों में स्वचलित शौचालय और पेयजल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राप्त सुझाव के मुताबिक सभी प्रतिमायें तय क्रम और मार्ग से ही निकलेंगी। साथ ही कलेक्टर श्री तिवारी ने जवारा विसर्जन और नवरात्रि में प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु समाजसेवियों, समितियों के प्रबंधकों और पदाधिकारियों से जिला प्रशासन व पुलिस के साथ सहयोग का आव्हान करते हुये बिजली विभाग के अधिकारियों को विसर्जन मार्गों में झूलते व लटकतें तथा कम ऊँचाई के बिजली के तारों को समय पर सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। कलेक्टर श्री तिवारी ने शांति समिति के सदस्यों को त्यौहारों में पुख्ता व मजबूत कानून व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया। दुर्गा समितियां प्रतिमा स्थापना के पूर्व ही पंडाल के लिए अस्थाई विद्युत कनेक्शन प्राप्त कर लेंवे। कलेक्टर ने सभी अनुविभाग व पुलिस थाना स्तर पर भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दुर्गा समितियों की पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए पुलिस अधीक्षक श्री विश्वकर्मा ने कहा कि बेहतर ट्राफिक व्यवस्था के साथ पूरे जुलूस मार्ग में सीसीटीव्ही कैमरे लगे रहेंगे। साथ ही प्रत्येक विसर्जन स्थल पर भी सीसीटीव्ही लगाया जाएगा। एसपी ने कहा कि पुलिस बल और सीमित संसाधनों के बाद भी बेहतर कानून व्यवस्था प्रदान की जायेगी। उन्होंने सभी समितियों से आग्रह किया गया है कि वे युवाओं को संयम के साथ त्यौहार मनाने के लिए प्रेरित करें। ताकि लोगों को किसी प्रकार से असुविधा न हो।
यह भी निर्णय हुआ
इको फ्रेंडली मिट्टी की दुर्गा प्रतिमायें स्थापित की जाय। प्रतिमा विसर्जन एवं पंडाल हेतु डीजे पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग हेतु संबंधित क्षेत्र के एसडीएम, एसडीओपी, सीएसपी या पुलिस थाना से अनुमति प्राप्त करनी होगी। आजाद चौक से झंडा बाजार जुलूस मार्ग में तीन और 4 पहिया वाहनों को प्रतिबंधित करने का भी प्रस्ताव मिला।


