कटनी – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के अंतर्गत कटनी जिले के 140 श्रमिक परिवारों के बैंक खाते में कुल 2 करोड़ 93 लाख रूपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम अंतरित किया।
इधर कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित एन आई सी कक्ष के वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। जहां उपस्थित हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन के सीधे प्रसारण को देखा और सुना। इस दौरान जिला श्रमपदाधिकारी श्री के.बी. मिश्रा, श्री रमाकांत लोधी, श्री लक्ष्मीकांत पटेल, श्री मनोज यादव, श्रम निरीक्षक श्री सनद विश्वकर्मा, संबल योजना प्रभारी अधिकारी की उपस्थिति रही।
संबल योजना की राशि का वितरण
संबल योजना के अंतर्गत जिले में सामान्य एवं दुर्घटना मृत्यु के प्रकरणों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जनपद पंचायत ढीमरखेडा के 16 हितग्रहियों को 38 लाख रूपये, जनपद पंचायत कटनी के 7 हितग्रहियों को 14 लाख रूपये, जनपद पंचायत बड़वारा के 7 हितग्रहियों को 14 लाख रूपये, जनपद पंचायत रीठी के 7 हितग्रहियों को 16 लाख रूपये, जनपद पंचायत बहोरीबंद के 15 हितग्रहियों को राशि 30 लाख रूपये, जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ के 16 हितग्रहियों को राशि 37 लाख रूपये की राशि अंतरित की गई।
इसके अलावा नगर निगम कटनी के 63 हितग्रहियों को राशि 1 करोड 26 लाख रूपये, नगर परिषद कैमोर के 1 हितग्राही को 2 लाख रूपये एवं नगर परिषद बरही के 8 हितग्रहियों को राशि 16 लाख रूपये की राशि अंतरित की गई।
संबल योजना
संबल योजना, प्रदेश में असंगठित क्षेत्र में कार्यरत लाखों श्रमिकों के लिए महत्वपूर्ण योजना है। अनुग्रह सहायता के अंतर्गत दुघर्टना में मृत्यु होने पर 4 लाख रूपये एवं सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख रूपये प्रदान किये जाते हैं। इसी प्रकार स्थायी अपंगता पर 2 लाख रूपये एवं आंशिक स्थायी अपंगता पर 1 लाख रूपये और अंत्येष्टि सहायता के रूप में 5 हजार रूपये प्रदान किये जाते हैं। संबल योजना में महिला श्रमिक को प्रसूति सहायता के रूप में 16 हजार रूपये, श्रमिकों के बच्चों को महाविद्यालय शिक्षा प्रोत्साहन योजना में उच्च शिक्षा का सम्पूंर्ण शिक्षण शुल्क राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता है।








