कटनी – खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में 1 दिसंबर से समर्थन मूल्य पर शुरू हुये धान उपार्जन में रविवार 16 दिसंबर तक कुल 12 हजार 786 कृषकों से अब तक 1 लाख 14 हजार 786 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। जिले में अब तक 47 हजार 615 कृषकों द्वारा स्लॉट की बुकिंग की जा चुकी है तथा 55 हजार 68 मीट्रिक टन के स्वीकृति पत्रक भी जारी किये जा चुके है। साथ ही अब तक कृषकों को उपार्जित धान का 51.19 रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है।
धान उपार्जन में बहोरीबंद अग्रणी
जिले में अब तक समर्थन मूल्य पर हुए धान उपार्जन के मामले में तहसील बहोरीबंद अग्रणी है। यहां अब तक की स्थिति में कुल 2416 किसानों से 22 हजार 621 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। जबकि दूसरे नंबर पर तहसील ढ़ीमरखेड़ा में 2638 किसानों से 18 हजार 962 मीट्रिक टन धान समर्थन मूल्य पर उपार्जित की जा चुकी है इसी प्रकार बड़वारा तहसील में अब तक 2012 किसानों से 17 हजार 127 मीट्रिक टन धान उपार्जित की गई है। जबकि विजयराघवगढ़ तहसील में 1524 कृषकों से 13 हजार 479 मीट्रिक टन धान उपार्जित की जा चुकी है। रीठी तहसील में अब तक की स्थिति में 1233 किसानों से 12 हजार 451 मीट्रिक टन धान उपार्जित की गई है। वहीं बरही तहसील में 1063 किसानों से 10 हजार 993 मीट्रिक टन धान उपार्जित की जा चुकी है।इसके अलावा स्लीमनाबाद तहसील में 958 किसानों से 9 हजार 402 मीट्रिक टन धान तथा कटनी ग्रामीण एवं नगर तहसील में 942 किसानों से 9 हजार 391 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।कलेक्टर श्री तिवारी ने धान उपार्जन कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों को धान उपार्जन केन्द्रों में तिरपाल, पन्नी सहित अन्य समस्त आवश्यक इंतजाम पुख्ता रखनें के निर्देश दिए है। इसके अलावा कलेक्टर ने खरीदी केन्द्र प्रभारियों और इस कार्य से संबंधित सभी अधिकारियों को दो टूक लहजे मे निर्देशित किया है कि किसानों के हित से जुड़े मामले में किसी भी स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








