कटनी – भारत की पहली ‘डिजिटल जनगणना’ (जनगणना 2027) के सफल संचालन और इसके सतत पर्यवेक्षण हेतु कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री आशीष तिवारी ने शासन के निर्देशानुसार ‘जिला जनगणना समन्वय समिति’ का गठन कर दिया है।
दो चरणों में होगी जनगणना
जनगणना-2027 देश की प्रथम डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें मोबाइल एप के माध्यम से डेटा संकलन किया जायेगा। जनगणना-2027 दो चरणों में संपन्न की जायेगी। जिसमें प्रथम चरण यथा मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य अप्रैल से सितंबर, 2026 के दौरान शासन से परामर्श उपरांत निर्धारित 30 दिनों की अवधि में कराया जाएगा और यह अवधि मध्यप्रदेश शासन के राजपत्र में प्रकाशित की जायेगी। द्वितीय चरण जनसंख्या गणना का कार्य फरवरी, 2027 में कराया जाएगा। जनगणना 2027 के लिए संदर्भ तारीख 1 मार्च, 2027 होगी, जिसका तात्पर्य यह है कि जनसंख्या के आंकड़े 1 मार्च, 2027 की स्थिति के अनुसार होंगे।
जनगणना 2027 में प्रगणक मोबाईल का प्रयोग करते हुए मोबाईल एप के द्वारा परिवारों से डिजिटल रूप से आकड़े संकलित करेंगें। इसके अतिरिक्त जनगणना के समस्त फील्ड कार्य की सतत् निगरानी हेतु भारत के महारजिस्ट्रार कार्यालय द्वारा विकसित वेब पोर्टल ‘सेंसस मैनेजमेंट एण्ड मॉनिटरिंग सिस्टम पोर्टल’ के अनुसार कार्यवाही करेंगे।
जिला जनगणना समन्वय समिति
कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस समिति के अध्यक्ष कलेक्टर श्री तिवारी होंगे। वे जिला अंतर्गत सभी चार्ज अधिकारियों (तहसीलदार, नगरपालिका अधिकारी इत्यादि) को जनगणना 2027 संबंधी सभी कार्यों का समय-सीमा में अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु समुचित निर्देश जारी करेंगे एवं समस्त कार्य की सतत् निगरानी करेंगे। साथ ही जनगणना कार्य हेतु लगाये जाने वाले कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे, जनगणना के मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स एवं फील्ड स्टाफ को नियुक्त एवं ससमय उनका प्रशिक्षण निर्धारित कार्यक्रम अनुसार आयोजित करवायेंगे।इसी प्रकार जिला जनगणना अधिकारी संयोजक के रूप में जिला अंतर्गत जनगणना 2027 का सम्पूर्ण कार्य सफलतापूर्वक एवं ससमय सम्पादित करने में प्रमुख जनगणना अधिकारी को सहयोग प्रदान करेंगे। साथ ही जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित करने एवं जिला स्तर पर समस्त आगामी कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।इसी प्रकार अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला योजना और सांख्यिकी अधिकारी जिला अंतर्गत जनगणना 2027 का सम्पूर्ण कार्य सफलतापूर्वक एवं ससमय सम्पादित करने में जिला जनगणना अधिकारी को सहयोग प्रदान करेंगे।जबकि जिला सूचना विज्ञान अधिकारी जिला स्तर पर जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली पोर्टल, हाउसलिस्टिंग ब्लॉक क्रियेटर एवं मोबाइल ऐप इत्यादि का सफल संचालन सुनिश्चित करेंगे एवं जनगणना कार्य से संबंधित डिजिटल प्रौद्योगिकी संबंधी सहयोग प्रदान करेंगे। साथ ही जिले में नियुक्त तकनीकी सहायकों को समय-समय पर प्रशिक्षण प्रदान करन एवं उनके कार्य की सतत् समीक्षा करेंगे।वहीं जिला शिक्षा अधिकारी जनगणना 2027 के दोनों चरणों के फील्ड कार्य के सफल संचालन हेतु आवश्यकता अनुसार शिक्षकों को प्रगणक/पर्यवेक्षक के रूप में उपलब्ध करवायेंगे। जबकि परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण जिले के समस्त नगरीय निकायों के जनगणना संबंधी कार्यों का समन्वय करेंगे।कलेक्टर श्री तिवारी ने जनगणना अधिकारी को निर्देशित किया है कि वे क्षेत्राधिकार अंतर्गत जनगणना 2027 कार्य के सुचारू एवं सफल संचालन हेतु पूर्णतः उत्तरदायी होगें। साथ ही शासन से प्राप्त निर्देश एवं वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त निर्देशों का पालन करते हुए कार्य को समय-सीमा में सम्पादित करावेगें।









