कटनी – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शनिवार 14 मार्च को प्रस्तावित बरही प्रवास के मद्देनजर तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए विजयराघवगढ़ विधायक श्री संजय सत्येंद्र पाठक और कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने शुक्रवार को बरही पहुंचकर कार्यक्रम स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया।
इस दौरान डीआईजी राकेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, नगर परिषद बरही के अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल और एसडीएम विवेक गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक श्री पाठक और कलेक्टर ने श्री विजयनाथ धाम मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाले कृषि सम्मेलन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर श्री तिवारी ने पुलिस, जिला प्रशासन और अन्य विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभा स्थल में पूरी गंभीरता के साथ सौंपे गये दायित्वों के निर्वहन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर श्री तिवारी ने मंचीय व्यवस्था, बैठक दीर्घा और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले प्रदर्शनी स्टालों का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरही परिसर में बनाए गए हेलीपैड स्थल का जायजा लिया गया। इसके पश्चात ‘आभार रैली रोड-शो’ के रूट का भौतिक सत्यापन किया गया। यह रोड-शो बड़ा तालाब से शुरू होकर सुभाष चौक, अमन बुक डिपो और कमानिया गेट से होते हुए विजयनाथ धाम मंदिर पहुंचेगा। कलेक्टर श्री तिवारी ने इस दौरान यातायात व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
इसके बाद कलेक्टर श्री तिवारी ने बरही के बड़ा तालाब पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान बरही के बड़ा तालाब में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ भी करेंगे।











