कटनी – नगर में विगत दिनों से चल रहे विभिन्न धार्मिक पर्वों को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा सफाई व्यवस्था को सुचारू एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विशेष रूप से महावीर जयंती, जवारा विसर्जन एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जैसे आयोजनों के दौरान बढ़ती भीड़ और गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए शहरभर में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई सुनिश्चित की गई।
इसी क्रम में जुलूस मार्गों, प्रमुख मंदिरों के आसपास, पहुंच मार्गों तथा विसर्जन घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो सके। निगम द्वारा तैनात अमले ने लगातार निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया कि कहीं भी गंदगी या अव्यवस्था की स्थिति न बने।
दैनिक सफाई व्यवस्था के अंतर्गत नगर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं डिवाइडरों की नियमित सफाई कराई गई। नोडल अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा सफाई कार्य को मानकों के अनुरूप बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
वायु गुणवत्ता सुधार की दिशा में पहल
नगर की वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्वीपिंग मशीन के माध्यम से मुख्य सड़कों की धूल एवं मिट्टी की नियमित सफाई कराई जा रही है। मिशन चौक से माधव नगर मार्ग, शांति नगर चौराहा, माधव शाह अस्पताल रोड, तांगा स्टैंड, बाम्बे होटल से माधवनगर मार्केट, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी एवं विश्राम बाबा गेट सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इससे न केवल सड़कों की स्वच्छता बनी रही, बल्कि धूल प्रदूषण में भी कमी लाने के प्रयास सफल हो रहे हैं।
पूजन सामग्री के समुचित निस्तारण पर जोर
नवरात्रि एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान मंदिरों से निकलने वाली पूजन सामग्री के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित निस्तारण की दिशा में भी निगम द्वारा पहल की जा रही है। विभिन्न मंदिरों—जैसे गायत्री शक्तिपीठ, सोमनाथ मंदिर, महाकाल शक्तिपीठ, काली माता मंदिर, साईं मंदिर, हनुमान मंदिर एवं अन्य धार्मिक स्थलों—से पूजन सामग्री एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण कराया गया।
इस समन्वित एवं सतत सफाई अभियान के माध्यम से नगर निगम यह सुनिश्चित कर रहा है कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन भी बनाए रखा जाए। निगम प्रशासन के इन प्रयासों से नगर में स्वच्छ, व्यवस्थित एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने की दिशा में सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।












