कटनी – मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण जिले कि हेमूकॉलोनी वार्ड निवासी श्रीमती सुमन कोल है। इस योजना के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता से न केवल सुमन को अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने और बच्चों की शिक्षा में सहयोग मिल रहा है। बल्कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में भी काफी सुधार आया है।
रक्षाबंधन पर मिली अतिरिक्त राशि से बढ़ी खुशी
सुमन ने बताया कि अगस्त माह में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा बहनों को 250 रुपये की अतिरिक्त राशि शगुन के रूप में प्रदान की गई। इससे इस बार उन्हें कुल 1,750 रुपये की राशि प्राप्त हुई। त्यौहार के अवसर पर अतिरिक्त राशि मिलने से उनकी खुशी दोगुनी हो गई है।
महिलाओं को मिला आर्थिक संबल
सुमन कोल का कहना है कि लाड़ली बहना योजना से मिलने वाली राशि भले ही परिवार की जरूरतों में एक सहयोग हो, लेकिन नियमित सहायता से महिलाओं में आत्मविश्वास और आर्थिक सुरक्षा की भावना बढ़ी है। योजना उनके जैसे अनेक परिवारों के लिए रोजमर्रा की जरूरतों और बच्चों की शिक्षा में सहायक साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि म.प्र. सरकार इसी तरह भविष्य में भी बहनों के लिए ऐसी योजनाएं और सुविधाएं लाते रहें, ताकि महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्तिकरण होता रहे तथा उनके परिवारों का भविष्य बेहतर बन सके।”
मुख्यमंत्री का जताया आभार
श्रीमती सुमन कोल ने लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बहनों के हित में चलाई जा रही यह योजना उनके लिए आर्थिक सहारा बनी है।


