कटनी – दलहनों में आत्मनिर्भरता मिशन अंतर्गत वर्ष 2026-27 में दलहन फसलों के उत्पादन एवं प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग यूनिट (दाल मिल) की स्थापना हेतु पात्र हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।इस योजना के तहत कृषक, उद्यमी, व्यक्ति, एफ.पी.ओ., सी.एल.एफ., पंजीकृत अन्य उपक्रम एवं पैक्स समितियां आवेदन कर सकती हैं। पात्र हितग्राहियों को प्रोजेक्ट प्रस्ताव के अंतर्गत दाल मिल तथा गोदाम/भंडारण निर्माण हेतु परियोजना लागत का अधिकतम 33 प्रतिशत अथवा अधिकतम 25 लाख रुपये, जो भी कम हो, वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
इच्छुक हितग्राही संचालनालय कृषि अभियांत्रिकी के पोर्टल www.chc.mpdage.org पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। आवेदकों को निर्धारित धरोहर राशि का डिमांड ड्राफ्ट उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास के नाम से जमा करना होगा तथा उसकी स्कैन कॉपी ऑनलाइन आवेदन के साथ अपलोड करना अनिवार्य रहेगा। सामान्य वर्ग एवं संस्थागत आवेदकों के लिए 1 लाख रुपये तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं महिला आवेदकों के लिए 50 हजार रुपये धरोहर राशि निर्धारित की गई है।योजना के माध्यम से दलहन फसलों के मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण क्षमता में वृद्धि, बेहतर बाजार उपलब्धता, किसानों की आय में वृद्धि तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। पात्र आवेदकों की जिलेवार प्राथमिकता सूची कंप्यूटरीकृत लॉटरी प्रणाली के माध्यम से 1 सितम्बर 2026 को पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी।

