कटनी – लगातार हो रही बारिश भी गणपति बप्पा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को डिगा नहीं सकी। बरसते पानी के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कृत्रिम कुंड विसर्जन स्थलों पर पहुंचे और विधि-विधान से भगवान गणपति की प्रतिमाओं का विसर्जन कर उन्हें भावभीनी विदाई दे रहे हैं । इस दौरान विसर्जन स्थलों पर भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा। विसर्जन का सिलसिला देर रात तक चलेगा।
गणपति विसर्जन के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी कृत्रिम कुंड स्थलों पर चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए विसर्जन स्थलों पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, पुलिस बल, होमगार्ड तथा गोताखोरों की तैनाती की गई है। पर्याप्त व्यवस्थाओं के कारण गणपति विसर्जन का सिलसिला शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सुरक्षित रूप से जारी है।
बारिश में भी कायम रहा श्रद्धा का उत्साह
बरसते पानी के बीच भी श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी। श्रद्धालु गणपति प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन स्थलों तक पहुंचे। पूजा-अर्चना और विधि-विधान के बाद जयकारों के बीच बप्पा को विदाई दी गई। वातावरण में गणपति बप्पा के जयघोष गूंजते रहे।गणपति विसर्जन का यह सिलसिला देर रात तक जारी रहेगा। जिला प्रशासन द्वारा विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और वे शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में अपने आराध्य को विदाई दे सकें।


