कटनी – जिला चिकित्सालय परिसर में शनिवार को एक 25 वर्षीय महिला के निर्माणाधीन भवन की छत से नीचे गिरने की घटना सामने आई। घटना के तत्काल बाद जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों एवं स्टाफ ने तत्परता से महिला को आकस्मिक चिकित्सा विभाग में पहुंचाया, जहां आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परीक्षण किया गया।सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने बताया कि दुर्गा पति संतोष वंशकार, निवासी माधव नगर, कटनी, अपराह्न लगभग 12:45 बजे जिला चिकित्सालय परिसर स्थित निर्माणाधीन भवन की छत से नीचे गिर गई, जिससे उसे चोटें आईं। चिकित्सकीय टीम द्वारा तत्काल उपचार प्रारंभ किया गया।उन्होंने बताया कि परीक्षण के दौरान महिला की शारीरिक स्थिति सामान्य पाई गई। (महिला ने पीठ एवं दाहिने कंधे में पीड़ा होना बताया। घटना के बाद महिला के साथ उसका पति भी मौजूद था।चिकित्सकों द्वारा महिला का आवश्यक शारीरिक एवं मानसिक आकलन किया गया। आगे की जांच एवं उपचार के दृष्टिगत उसे मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किए जाने की सलाह दी गई है। जिला चिकित्सालय प्रबंधन द्वारा स्पष्ट किया गया कि घटना के तत्काल बाद महिला को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

