कटनी – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले की आंगनवाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास श्री अब्दुल गफ्फार के निर्देशन एवं सहायक संचालक सुश्री वनश्री कुर्वेती के संयोजन में जिलेभर के आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण, शिक्षा एवं सम्मान के साथ बाल सुरक्षा के विषय में बच्चों और माताओं को जागरूक किया जा रहा है।
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी जानकारी
जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम, आंगनवाड़ी पर्यवेक्षकों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों और अभिभावकों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संबंध में जानकारी दी जा रही है। बताया गया कि संकट अथवा आपातकालीन स्थिति में बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। किसी बच्चे के मुसीबत में होने पर टोल फ्री नंबर 1098 पर कॉल कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
पॉक्सो अधिनियम और बाल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को गुड टच और बैड टच की पहचान करने तथा किसी भी असहज स्थिति में अपनी सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के संबंध में समझाया गया। साथ ही अभिभावकों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), 2012 के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।अभिभावकों को बताया गया कि बच्चों के शोषण अथवा लैंगिक अपराध से संबंधित किसी भी शिकायत की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने, विशेष किशोर पुलिस इकाई, जिला बाल संरक्षण इकाई अथवा बाल कल्याण समिति से संपर्क किया जा सकता है। आंगन मिलन सेवा के माध्यम से बच्चों के सुरक्षित वातावरण, अधिकारों और संरक्षण के प्रति समुदाय में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।


