जबलपुर,
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने स्वामित्व योजना के तहत गांव में निवास कर रहे परिवारों को
आवासीय भूमि की निःशुल्क रजिस्ट्री कर अधिकार अभिलेख प्रदान करने चलाये जा रहे अभियान में गति
लाने के निर्देश सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों और तहसीलदारों को दिये हैं। उन्होंने ऐसे गांवों
पर विशेष ध्यान देने की हिदायत इन अधिकारियों को दी है जहाँ रजिस्ट्री का कार्य बेहद धीमा है अथवा
किन्ही कारणों से शुरू नहीं हो सका है।
कलेक्टर आज सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में स्वामित्व योजना के तहत निःशुल्क रजिस्ट्री
के कार्य की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। इस बैठक में अपर कलेक्टर रवि शंकर राय, अपर कलेक्टर
शैलेन्द्र सिंह एवं अपर कलेक्टर अखिलेश सिंह मौजूद थे, जबकि जिले में पदस्थ सभी अनुविभागीय
राजस्व अधिकारी एवं तहसीलदार इस बैठक से वर्चुअली जुड़े थे।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने बैठक में स्वामित्व योजना के तहत अनुविभागवार, तहसीलवार और पटवारी
हल्कावार अब तक हुई रजिस्ट्री का ब्यौरा लिया। उन्होंने ग्रामीणों को उनकी आवासीय भूमि के अधिकार
अभिलेख प्रदान करने के कार्य में गति लाने राजस्व अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत
बताई और अनुविभाग स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने कहा कि जिन गांवों में कार्य प्रारंभ होना शेष है, वहां विशेष ध्यान देकर प्रक्रिया शीघ्र शुरू
कराई जाए। साथ ही, अधिक हितग्राहियों वाले गांवों में प्राथमिकता के आधार पर कार्य करते हुए निर्धारित
समय-सीमा में लक्ष्य हासिल करने के प्रयास किए जाए। उन्होंने कहा कि जहां तकनीकी कारणों से
रजिस्ट्री का कार्य प्रभावित हो रहा है, वहां उचित स्तर पर संपर्क कर उनका समाधान कराया जाए।
कर्मचारियों की अनुपलब्धता की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था कर कार्यों को निरंतर जारी रखा जाए।


