जबलपुर,
कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा ने शहपुरा के धरमपुरा स्थित इंटेकवेल का निरीक्षण कर जबलपुर
जल प्रदाय योजना की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से इंटेकवेल के संचालन
में आ रही बाधाओं और शेष कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि इंटेकवेल को संचालित करने में
कहां-कहां दिक्कतें आ रही हैं और उन्हें दूर करने के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं।
जल निगम द्वारा 959 करोड़ रुपये की लागत से क्रियान्वित की जा रही जबलपुर जल प्रदाय योजना का
लगभग 83 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। योजना के तहत विद्युत संबंधी कार्य पूरा होते ही इंटेकवेल से
जल शोधन संयंत्र तक पानी पहुंचने लगेगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कलेक्टर को योजना की
प्रगति और संचालन में आ रही बाधाओं से अवगत कराया।
इस योजना के पूर्ण होने पर शहपुरा, पाटन, सिहोरा, पनागर और मझौली क्षेत्र के 848 गांवों में पेयजल
उपलब्ध कराया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता बेहतर होगी और लोगों को स्वच्छ
पेयजल की सुविधा मिल सकेगी।
कलेक्टर ने इंटेकवेल के संचालन में आ रही बाधाओं की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को पूरा करने तथा
संबंधित समस्याओं के निराकरण के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। योजना के शेष कार्य पूरे होने के
बाद क्षेत्र के गांवों को पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।

