कटनी – नगर में वर्तमान में पड रही शीतलहर को दृष्टिगत रखते हुए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर राहगीरों, श्रमिकों एवं बेसहारा नागरिकों को ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मानव सेवा हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित नगर के विभिन्न प्वाइंटों मंे अलाव की व्यवस्था निरंतर जारी है। वहीं रैन बसेरा वाहन के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का रात्रि भ्रमण कर सड़क किनारे सो रहे जरूरतमंद लोगों को रैन बसेरों में सुरक्षित रूप से शिफ्ट करने का कार्य अनवरत जारी है।
तापमान में लगातार गिरावट के चलते रात के समय ठंड से परेशान नगर निगम की टीम द्वारा रैन बसेरा वाहन के माध्यम से रात्रि के समय बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन परिसर सहित नगर के विभिन्न मुख्य मार्गो एवं चौराहों का भ्रमण कर जरूरतमंद लोगों को रैन बसेरों में पहुंचाया जा रहा है। ताकि वे शीत लहर के प्रकोप से सुरक्षित रूप से रात्रि गुजर कर सकें।
नगर निगम द्वारा बस स्टैंड के पास स्थित रैन बसेरों में महिलाओं एवं पुरुषों के ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। यहां रहने वाले लोगों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। रैन बसेरों में, कंबल, धुली हुई चादर, रजाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न जरूरी प्वाइंटों में अलाव की भी व्यवस्था की गई है, जिससे ठंड से राहत मिल सके।
इन प्वाइंटों में की गई अलाव व्यवस्था
बढ़ती ठंड को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा गुरूवार रात्रि माधवनगर स्थित प्रेम साइकिल के पास, सीएलपी वार्ड पाठक स्कूल के पास, रैन बसेरा बस स्टैंड, गोल बाजार स्थित लक्ष्मी फ्र्रूट एवं अंजूमन स्कूल के सामने सहित नगर के अन्य स्थलों में अलाव की व्यवस्था हेतु जलाउ लकडियों की व्यवस्था की गई।











